देवरिया से विवादित बोल वाले भाजपा विधायक पर हो सख्त कार्रवाई - जेपी नड्डा

नई दिल्ली :


विवादित बयान देकर सांप्रदायिकता फैलाने वाले उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक सुरेश तिवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश भाजपा प्रमुख को निर्देश दिया है कि तिवारी को दंडित किया जाए। वह देवरिया से विधायक हैं।


गौरतलब है कि तिवारी ने अपने क्षेत्र को लोगों को कहा था कि एक खास संप्रदाय के लोगों से सब्जी न लें। विवाद में आने के बावजूद वह अपने बयान पर डटे थे और कहते देखे गए थे कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। लोगों को कोरोना से बचने के लिए उपाय बताया है।


सूत्रों के अनुसार नड्डा ने इस पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष को निर्देश दिया है। उसके बाद पार्टी की ओर से तिवारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी हुआ है। बताते हैं कि सख्त कार्रवाई हो सकती है। दरअसल जमात वाली घटना के बाद से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खुद नड्डा की ओर से बार बार यह नसीहत दी जा रही है कि कोरोना के खिलाफ एकजुट लड़ाई लड़नी है। लेकिन कुछ नेता नहीं मान रहे हैं।


बता दें कि देवरिया के बरहज विधान सभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेश तिवारी का एक विवादित बयान वाला वीडियो वायरल हो गया है। कोरोना के इस महामारी में वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। वीडियो में उन्होंने अपने समर्थकों से मुस्लिम समुदाय के सब्जी विक्रेताओं से सब्जी न लेने की बात कह रहे हैं। उधर, मुस्लिम समुदाय के लोग पुलिस को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।


तेजी से वायरल हुआ वीडियो


भाजपा विधायक सुरेश तिवारी आए दिन अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। दो दिनों से वायरल हो रहे एक वीडियो में उन्होंने कहा है कि कोई भी व्यक्ति मियां से सब्जी नहीं खरीदेगा। इस वीडियो के वायरल होने के बाद तरह-तरह की बातें शुरू हो गई है। दरअसल यह वीडियो उस समय का है, जब वह बरहज नगर पालिका कार्यालय में गए थे। उस वीडियो में उनके साथ नपाध्यक्ष बरहज उमाशंकर सिंह समेत अन्य लोग भी मौजूद है।