लखनऊ में CAA के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं को हटाने पहुंची पुलिस, हुआ विरोध


राजधानी लखनऊ के घंटाघर में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं को हटाने पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने महिलाओं से हटने की अपील की, लेकिन वे हटने को तैयार नहीं हुईं। यहां पर पिछले कई सप्ताह से महिलाओं का प्रदर्शन चल रहा है।


प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि पुलिस बिस्तर और तम्बू उठा ले गई है। वहीं इस पूरे मामले पर एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि कई लोग अनावश्यक रूप से खड़े थे और बाइक खड़ी कर रखी थी। इस कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिस की टीम ने इसे ही हटवाया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रही महिलाओं को नहीं हटाया जा रहा है।


सीएए के खिलाफ यह प्रदर्शन 17 जनवरी को शुरू हुआ था, जो जिला प्रशासन के कड़े विरोध के बाद भी जारी है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं को पुलिस ने नोटिस भी भेजा है। उनसे जल्द से जल्द घंटाघर का परिसर खाली करने को कहा गया है, अगर वे ऐसा नहीं करती हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। धारा 144 का उल्लंघन करने पर कार्रवाई के लिए नोटिस भेजा गया है।