लखनऊ में बजी घंटी, वृद्धा के घर पुलिस ने पहुंचाया राशन

लखनऊ लॉकडाउन के चलते 70 वर्षीय महिला के घर में राशन नहीं बचा तो वृद्धा के सामने खाना बनाने की भी समस्या आ खड़ी हुई। वृद्धा को लोगों से भी मदद की उम्मीद नहीं थी, जिसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। घंटी लखनऊ के कंट्रोल रूम में बजी। जिसके बाद ब्रह्मपुरी थाने की पीआरवी मौके पर पहुंची और राशन उपलब्ध कराया।


सोमवार दोपहर करीब 13:27 बजे सरस्वती लोक कॉलोनी से विजयलक्ष्मी नाम की महिला ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि मेरे घर पर खाने का राशन खत्म हो गया। ऐसे में मैं घर से बाहर भी नहीं जा सकती जिसके बाद लखनऊ कंट्रोल रूम से ब्रह्मपुरी थाने की संबंधित पीआरवी 3780 को कॉल करके अवगत कराया गया। इस संबंध में मुख्यालय 112 लखनऊ से राशन के डिस्पैच अधिकारी द्वारा भी प्रशासन को अवगत कराया गया। लेकिन प्रशासन के अधिकारियों ने इस संबंध में मदद नहीं की। जिसके बाद यूपी 112 की गाड़ी 3780 पर तैनात पुलिसकर्मी शिव कुमार और प्रवीण कुमार सरस्वती लोक कॉलोनी में पहुंचे और सूचना देने वाली महिला से जानकारी की। महिला के जानकारी देने के बाद पुलिस ने नि:शुल्क ही महिला के घर में राशन पहुंचाया।


सरधना में महिला को छुड़वाया
सरधना में यूपी 112 पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को पुलिस की गाड़ी से घर तक पहुंचाया। कॉलर ने सूचना दी थी कि वह सरधना में अपने घर जा रहे थे, जहां उन्हें कोई वाहन नहीं मिला।  


पीड़ितों की मदद की
70 वर्ष की महिला द्वारा राशन खत्म होने की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई थी। लखनऊ मुख्यालय में सूचना दर्ज हुई और संबंधित थाना ब्रह्मपुरी की 112 की पीआरवी ने वृद्धा के घर पर निशुल्क राशन पहुंचाया। लॉक डाउन में 7 सूचनाओं पर पुलिस ने पीड़ितों की मदद की। -संजीव वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक/ नोडल अधिकारी 112