जाम में फंसे दिल्ली पुलिस के दरोगा ने जमकर काटा हंगामा, बूम तोड़ा, टोल कराया फ्री

मेरठ: जाम में फंसे दिल्ली पुलिस के दरोगा ने जमकर काटा हंगामा, बूम तोड़ा, टोल कराया फ्री


मेरठ के मोदीपुरम में रुड़की रोड स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर रविवार शाम भीषण जाम लगने पर बखेड़ा हो गया। फास्टैग लेन भी फेल हो गई। जाम में फंसे दिल्ली पुलिस के दरोगा ने जमकर हंगामा काटा और बूम तोड़कर टोल को फ्री करा दिया। इस दौरान काफी वाहन बिना टैक्स दिए ही निकल गए। दरोगा और टोल कर्मियों में तीखी नोकझोंक हो गई। बाद में दरोगा को किसी तरह समझाकर वहां से भेजा गया।


दिल्ली पुलिस के एक दरोगा कार से मुजफ्फरनगर से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। दरोगा ने फास्टैग लेन से कार निकालने का प्रयास किया। लेकिन टोल कर्मियों ने उन्हें खाली पड़ी फास्टैग लेन से नहीं निकलने दिया और रूटीन लेन से ही कार ले जाने को कहा। इस पर दरोगा की कार टोल प्लाजा पर लगे जाम में फंस गई। इस पर दरोगा ने टोल कर्मियों को हड़काना शुरू कर दिया। जिसके बाद टोल प्लाजा के कर्मचारियों और दरोगा के बीच नोकझोंक हो गई। 


गुस्साए दरोगा ने टोल प्लाजा का बूम तोड़ दिया और टोल को फ्री करा दिया। जिसके बाद उस लेन की तरफ फंसी कई गाड़ियां वहां से निकल गईं। जिसके बाद टोल कर्मियों में अफरातफरी मच गई। टोल प्लाजा के सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान ने बताया कि टोल प्लाजा पर जाम लगा था। दिल्ली पुलिस के एक दारोगा ने जाम में फंसने के बाद टोल को फ्री करा दिया था। टोल कर्मियों से भी बदसलूकी की। बाद में दरोगा को समझाकर वहां से भेजा गया